मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 5 मोबाइल और पल्सर बाइक जब्त
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में लगातार हो रही मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए थाना अन्नपूर्णा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन एवं वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को थाना अन्नपूर्णा क्षेत्र के उषा नगर, क्रांति कृपलानी नगर और इंद्रलोक कॉलोनी में मोबाइल स्नेचिंग की घटनाएं सामने आई थीं। शिकायत के आधार पर थाना अन्नपूर्णा में अपराध क्रमांक 382/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त शिवेन्दु जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हितगोपाल यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राहुल पिता गोपाल रावत निवासी विदुर नगर कॉलोनी तथा संयम पिता राजेश मोर निवासी बापू घनश्याम दास नगर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 23 मार्च को उषा नगर, क्रांति कृपलानी नगर और इंद्रलोक कॉलोनी क्षेत्र में मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। थाना अन्नपूर्णा पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

