मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एसपी शर्मा की मौजूदगी में सुनीं आमजन की समस्याएं, लंबित शिकायतों का कराया समाधान

  • Share on :

बदनावर।  मनोहर पाटीदार। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को बदनावर में पुलिस विभाग द्वारा जनसुनवाई एवं शिविर का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान 30 से अधिक आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। इस दौरान 15 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों का शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के बाद समाधान कराया गया। इसके अलावा जनसुनवाई एवं थाना स्तर पर प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का भी निराकरण किया गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

जिला पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार शर्मा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना है। साथ ही नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना अभियान की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

इस अवसर पर एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर, टीआई अमितसिंह कुशवाह, भेंसोला चौकी प्रभारी हिना जोशी, सब इंस्पेक्टर श्वेता प्रजापत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper