टाइगर श्रॉफ पर हमला: सीएम फडणवीस बोले, 'बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने इस गोलीबारी की घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर कुछ लोगों की पहचान भी कर ली है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने देवेंद्र फडणवीस का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री ने कहा, “हम धमकियों को गंभीरता से लेते हैं और उन पर कार्रवाई करते हैं। मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि मुंबई पुलिस एक पेशेवर पुलिस बल है। मुंबई पुलिस ने अब तक यह साबित किया है कि इस तरह के अपराधियों को वह गिरफ्तार किए बिना नहीं छोड़ती। इस मामले में भी निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि हमें इस मामले में सतही बातों में नहीं पड़ना चाहिए। घटना गंभीर है और इसके संबंध में जो भी जरूरी कदम थे, वे उठाए गए हैं। जहां तक उनकी सुरक्षा का सवाल है, मुझे मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने सुरक्षा मांगी थी। लेकिन किसी कारण से घटना के समय उनके साथ सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं थे। उसी दौरान उन पर हमला हुआ।”
सीएम ने कहा, “यह बहुत गंभीर और निंदनीय घटना है। मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच चल रही है। कुछ लोगों की पहचान भी की गई है और जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।"
देवेंद्र फडणवीस बोले, “इनके जो आका कहीं छिपकर बैठे हैं और वहां से संदेश भेजते हैं, उन्हें भी ढूंढने का काम हम करेंगे। इनमें से कोई भी महाराष्ट्र से ऑपरेट नहीं करता। जो महाराष्ट्र से ऑपरेट कर रहे थे, उन्हें हम पहले ही गिरफ्तार कर चुके हैं। ये लोग महाराष्ट्र के बाहर या देश के बाहर से ऑपरेट कर रहे हैं। जिन राज्यों से ये काम कर रहे हैं, वहां की पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर कार्रवाई करेंगे। विदेश से ऑपरेट करने वालों को केंद्र सरकार की मदद से ढूंढ निकालेंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बोले, “मैं फिर कहता हूं कि ये डरपोक लोग हैं, जो छिपकर वार करने की कोशिश करते हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमने पहले भी अलर्ट भेजा है और उस पर कार्रवाई चल रही है। इनके आका कहीं भी बैठे हों, उन्हें पकड़ने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ेगी, लेकिन हम यह करके दिखाएंगे। मुंबई पुलिस पहले भी दिखा चुकी है कि इस तरह के लोग दुनिया में कहीं भी छिपे हों, वह उन्हें ढूंढ निकालती है।”
साभार लाइव हिन्दुस्तान

