मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला अकबरपुर का किया निरीक्षण
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विद्यार्थियों से किया संवाद और शैक्षणिक गुणवत्ता परखी विदिशा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सिरोंज तहसील के ग्राम अकबरपुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी एवं वन मंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव भी उनके साथ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी शैक्षणिक समझ एवं सीखने के स्तर को परखा। इस दौरान शिक्षक श्री शिवलाल अहिरवार द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाए जा रहे पाठ का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने कक्षा में बैठकर शिक्षण कार्य को देखा और सुना।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों मोहन एवं वैष्णवी से हिंदी विषय के पाठ से संबंधित प्रश्न पूछे तथा स्कूल के बोर्ड पर प्रश्नों के उत्तर लिखवाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। ग्राम अकबरपुर भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने छात्र जैद खान से भी संवाद किया और उसकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बातचीत के दौरान जैद ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ-साथ खेती-किसानी में भी अपने परिवार का हाथ बंटाते हैं। इस पर कलेक्टर ने उन्हें शिक्षा के साथ कृषि क्षेत्र में भी आगे बढ़ने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती करने के लिए प्रेरित किया।

