कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को मिला करियर निर्माण का अवसर, 47 विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय विदिशा में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार एवं व्यावसायिक कौशल से जोड़ने की दिशा में Hewlett Packard Enterprise (HPE) के सहयोग से वित्तीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम अंतर्गत ओपन कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से आयोजित इस कैंपस ड्राइव में विद्यार्थियों को वित्तीय सेवा क्षेत्र में करियर निर्माण के साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण और कॉर्पोरेट कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
कैंपस ड्राइव का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराना, व्यावसायिक दक्षताओं का विकास करना तथा उन्हें उद्योग जगत की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चयन प्रक्रिया में कुल 47 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 20 विद्यार्थियों ने लिखित परीक्षा में सहभागिता की। लिखित परीक्षा के परिणाम एवं निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर 10 विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जाग्रति बघेल एवं कुलदीप पटवा का वित्तीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के लिए अंतिम रूप से चयन हुआ।विद्यार्थियों को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने किया प्रेरित 
     कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संचार कौशल, आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक व्यवहार भी करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर सीखने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं एवं साक्षात्कार की तैयारी के साथ-साथ अपनी संवाद क्षमता और व्यावसायिक दक्षताओं को निरंतर बेहतर बनाने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंपस ड्राइव विद्यार्थियों को शिक्षा से रोजगार की ओर बढ़ने का व्यावहारिक मंच उपलब्ध कराते हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे ऐसे अवसरों में सक्रिय सहभागिता कर अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
 लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से हुआ चयन -
     HPE के तीन प्रतिनिधि सदस्यों प्रशांत एच.वी., सुजाता एस. एवं लोपली महापात्रा ने चयन प्रक्रिया को संपन्न कराया। विद्यार्थियों की योग्यता एवं दक्षता का आकलन लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार के माध्यम से किया गया। चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट क्षेत्र की चयन प्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। वित्तीय अप्रेंटिसशिप के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र में कार्य करने, व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और कॉर्पोरेट जगत की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए अपने कौशल को निखारने तथा भविष्य में बेहतर रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।महाविद्यालय में रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने पर जोर कार्यक्रम में आईटीआई महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कविता रघुवंशी, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय विदिशा की प्राचार्य डॉ. वनिता वाजपेयी, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े अवसरों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वनिता वाजपेयी ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगारोन्मुख कौशल एवं व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों जाग्रति बघेल एवं कुलदीप पटवा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी ऐसे अवसरों का लाभ उठाने तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर तैयारी करने का आह्वान किया।
 उद्योग जगत और विद्यार्थियों के बीच सेतु बना कैंपस ड्राइव HPE के सहयोग से आयोजित यह कैंपस ड्राइव विद्यार्थियों को सीधे उद्योग जगत से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल साबित हुआ। इससे विद्यार्थियों को रोजगार की संभावनाओं के साथ-साथ चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार, कॉर्पोरेट कार्य संस्कृति और व्यावहारिक दक्षताओं की उपयोगिता को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय की प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्रीमती श्वेता सोलंकी, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राजकमल प्रजापति सहित संबंधित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय द्वारा इस प्रकार के रोजगारोन्मुख कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने तथा करियर की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्राप्त हो रहा है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper