जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आयुक्त ने किया जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण
आदित्य शर्मा
इंदौर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम इंदौर द्वारा जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के लिए विभिन्न कार्य पर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत झोन क्रमांक 13 के वार्ड क्रमांक 75 स्थित नायता मुंडला तालाब में चल रहे गहरीकरण एवं पाल सुदृढ़ीकरण कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों की जल संग्रहण क्षमता बढ़ाना जल संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसके बाद आयुक्त ने झोन क्रमांक 4 के वार्ड क्रमांक 13 स्थित अनाज मंडी वेयरहाउस परिसर में प्रस्तावित रेनवाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज शाफ्ट एवं स्टोरेज टैंक निर्माण कार्यों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को मानकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े परिसरों में वर्षा जल संचयन से भूजल स्तर बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। साथ ही जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री श्री अश्विन जनवदे, सहायक यंत्री श्री आकाश जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

