जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कटाए घाट में ट्रैश क्लीनर मशीन से नदी सफाई कार्य जारी

  • Share on :

अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन के माध्यम से लगभग 500 मीटर क्षेत्र से हटाई गई चोई एवं अन्य अपशिष्ट
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी । जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता को लेकर नगर निगम कटनी द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कटाएघाट स्थित नदी क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान अनवरत रूप से जारी है। अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से पहुंची अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन के माध्यम से नदी में जमी चोई, जलीय अपशिष्ट एवं अन्य अवांछित सामग्री को हटाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस विशेष प्रयास के अंतर्गत अब तक लगभग 500 मीटर लंबाई के नदी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में चोई एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाया जा चुका है। मशीन आधारित सफाई कार्य के कारण नदी के जल प्रवाह में सुधार होने के साथ-साथ घाट क्षेत्र की स्वच्छता एवं सौंदर्य में भी सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देने लगा है।
निगम प्रशासन का यह प्रयास केवल सफाई अभियान तक सीमित न होकर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में जनजागरूकता का प्रभावी संदेश भी प्रसारित कर रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ एवं निर्मल जल स्रोत आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
नगर निगम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता, सार्वजनिक कुओं की सफाई, सहित जल संरक्षण की दिशा में विभिन्न गतिविधियों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जल स्रोतों में कचरा अथवा पूजन सामग्री न डालें तथा जल संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper