यूपी राज्यसभा चुनाव: केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई 25 नामों की सूची, कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी का नाम भी चर्चा में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव के लिए हलचल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य की 8 सीटों पर राज्यसभा के चुनाव के लिए एक 25 नामों की लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। इसमें कई ऐसे लोगों के नाम हैं जो कि राज्यसभा के सदस्य हैं या फिर रह चुके हैं। वहीं पैनल में कई नए लोगों को भी शामिल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास का भी नाम इसमें है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। वहीं बीजेपी की महासचिव स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, हरीश द्विवेदी का नाम भी भेजा गया है। इनमें से 8 नामों पर ही मुहर लगाई जाएगी। हालांकि आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है। अभी अटकलों का ही दौर जारी है।
आपको बता दें कि 16 अक्टूबर को राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश के 10 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमे से आठ पर बीजेपी का ही कब्जा है। जबकि एक सीट पर सपा और दूसरी पर बीएसपी काबिज है। हरदीप सिंह पुरी इस समय केंद्र में पेट्रेलियम मंत्री हैं। ऐसे में उनको दोबारा राज्यसभा में लाया जा सकता है। इसके अलावा 2027 में पंजाब चुनाव का ध्यान रखते हुए भी हरदीप सिंह पुरी को हटाना मुश्किल है।
20 जून को रवनीत सिंह बिट्टू के इस्तीफे के बाद अब कैबिनेट में हरदीप सिंह पुरी अकेले सिख हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जो लिस्ट बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है उसमें कई ऐसे भी नेता हैं जो कि चुनाव हार चुके है। इसी में बस्ती से पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी का भी नाम है। उन्हें बीजेपी का महासचिव बनाया गया है और बिहार-कर्नाटक का कार्यभार सौंपा गया है। वह एक ब्राह्मण चेहरे हैं।ऐसे में सवर्ण वोटों के लिए बीजेपी उन्हें पीछे नहीं छोड़ सकती।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

