एक समय, एक स्वर, एक लय में गूंजेगा ‘वन्दे मातरम्’, करैरा में राष्ट्रभावना का भव्य संगम
विद्याभारती के आह्वान पर 25 सितंबर को सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल में होगा सामूहिक राष्ट्रगीत गायन — विद्यार्थी, अभिभावक, आचार्य और नगरवासी होंगे सहभागी
करैरा। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के आह्वान पर शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे देशभर में एक साथ सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इसी कड़ी में करैरा के सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल में भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। देशभर में एक ही समय, एक ही लय और एक ही स्वर में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रभावना का संदेश देगा।
करैरा में जुटेगा राष्ट्रभावना का संगम
करैरा में मुख्य आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल, डिग्री कॉलेज के पीछे, नेशनल हाईवे रोड के पास किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक, आचार्य-दीदी, पूर्व छात्र, नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोग, पत्रकार बंधु तथा राष्ट्रप्रेमी नागरिक सहभागिता करेंगे।
आयोजन की विशेषता इसका मूल भाव ‘एक समय, एक लय, एक स्वर’ है। देश के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और सामाजिक परिवेश से जुड़े लोग जब एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे, तो यह दृश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति बनेगा।
विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मिलेगा संस्कार
विद्यालय परिवार द्वारा आयोजन को महज एक औपचारिक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, सम्मान और अपनेपन की सामूहिक अभिव्यक्ति के रूप में मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व तथा आयोजन के उद्देश्य से भी अवगत कराया जाएगा।
सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल करैरा के अध्यक्ष श्री गोपाल कृष्ण जी साहू, व्यवस्थापक श्री सतीश जी श्रीवास्तव एवं प्राचार्य श्री उमेश कुमार जी श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने नगरवासियों से आयोजन में सहभागिता कर इसे गरिमामय बनाने का आह्वान किया।
शुक्रवार 25 सितंबर 2026, प्रातः 11 बजे, जब करैरा की धरती पर विद्यार्थियों और नागरिकों के स्वर एक साथ ‘वन्दे मातरम्’ का उद्घोष करेंगे, तब यह आयोजन राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना का सजीव संदेश प्रस्तुत करेगा।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ
हेमंत भार्गव

