शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहला वेनेजुएला: राजधानी कराकास में 22 मंजिला इमारत जमींदोज, इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद

  • Share on :

कराकास। वेनेजुएला में बुधवार को दो बेहद शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। इमारतों के ढहने और देश के मुख्य हवाई अड्डे के बंद होने के बाद, कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। वेनेजुएला बुधवार शाम एक के बाद एक आए दो बेहद शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल उठा। इन झटकों की वजह से राजधानी कराकास में कई इमारतें ढह गईं और पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया। भूकंप की भयावहता को देखते हुए कैरेबियाई क्षेत्र के कई हिस्सों में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है। वेनेजुएला में आए इन दोहरे भूकंपों के कुछ ही समय बाद, उत्तरी जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, हालांकि वहां किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली।
US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप के दोनों झटके महज कुछ ही मिनटों के अंतराल पर महसूस किए गए।
पहला झटका- स्थानीय समयानुसार शाम 18:04 बजे 7.1 की तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र तटीय समुदाय मोरोन के पश्चिम में मोंटालबान के पास 13 किलोमीटर की गहराई में था।
दूसरा झटका- कुछ ही मिनटों बाद उसी इलाके में 7.5 तीव्रता का दूसरा और पहले से अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इस बार भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और गहराई 10 किलोमीटर थी।
भूकंप का असर इतना व्यापक था कि इसके तेज झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी लोगों द्वारा महसूस किए गए।
भूकंप के कारण राजधानी कराकास में भारी दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर भागने लगे। कराकास के अल्तामिरा इलाके में एक 22 मंजिला इमारत पूरी तरह से नष्ट हो गई। लोग मलबे के ऊपर चढ़कर अपने परिजनों को तलाशते और मदद के लिए टॉर्च मांगते दिखे। 54 वर्षीय बैंक कर्मचारी ओडालिस एस्कालोना ने बताया, "सीढ़ियां टूटकर गिर गईं, पूरी दीवार चटक गई और छत से चीजें गिरने लगीं। यह बेहद भयानक था।"
69 वर्षीय कारमेन गुएडेज़ ने बताया कि जब इमारतें हिलने लगीं, तो उन्हें अपनी बिस्तर पर पड़ी बीमार बहन के साथ कमरे में ही सिकुड़ कर बैठना पड़ा क्योंकि वे बाहर नहीं निकल सकते थे। बुनियादी ढांचे को 'गंभीर नुकसान' पहुंचने के कारण कराकास के निकट स्थित मैकेटिया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर इसकी क्षतिग्रस्त इमारतों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
भूकंप की वजह से राजधानी कराकास में सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला है। जब गगनचुंबी इमारतें हिलने लगीं और दीवारें गिरने लगीं, तो दहशत में आए लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर जानकारी देते हुए बताया कि कराकास के अल्तामिरा इलाके में हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां कई घर और इमारतें ढह गई हैं। उन्होंने इस भीषण आपदा में कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper