पटना और बेगूसराय में विजिलेंस का छापा: अफ़सर दंपती के ठिकानों से 80 लाख कैश, 52 लाख के गहने और 48 घड़ियां बरामद

  • Share on :

पटना। बिहार के पटना और बेगूसराय में सतर्कता जांच ब्यूरो ने सोमवार को एक नौकरशाह दंपति से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान करीब 80 लाख रुपये नकद, 52.60 लाख रुपये की ज्वेलरी और 6.01 लाख रुपये कीमत की 48 घड़ियां बरामद की गईं।
जांच एजेंसी ने पटना के अपर जिला दंडाधिकारी (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी, जो दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर तैनात हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
विजिलेंस के मुताबिक, दंपती पर करीब 1.07 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह उनकी कुल ज्ञात आय का लगभग 47 प्रतिशत बताई गई है। एजेंसी ने यह मामला 25 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत दर्ज किया था।
जांच में अब तक दंपती के नाम पर 2017 से 2026 के बीच खरीदी गई सात अचल संपत्तियों का पता चला है। इनमें दानापुर की एक प्रीमियम मल्टी-टावर गेटेड सोसाइटी में दो फ्लैट, फुलवारी शरीफ में कुल 11.7 डिसमिल के तीन प्लॉट और बेगूसराय में 24 डिसमिल के दो प्लॉट शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इन सातों अचल संपत्तियों की कीमत खरीद के दस्तावेजों के आधार पर करीब 2.92 करोड़ रुपये आंकी गई है। छापेमारी के लिए पटना की विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट हासिल किए गए थे। इसके बाद विजिलेंस की चार टीमों ने सोमवार को चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें पटना स्थित दंपती का आवास, दोनों अधिकारियों के कार्यालय और बेगूसराय स्थित उनका आवास शामिल था।
एक अधिकारी के मुताबिक, पटना के फ्लैट से 70.53 लाख रुपये नकद, जबकि बेगूसराय स्थित आवास से 9.44 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों स्थानों से बरामद सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों का भी अस्थायी मूल्यांकन किया गया। पटना में मिले आभूषणों की कीमत 23.89 लाख रुपये, जबकि बेगूसराय से मिले आभूषणों की कीमत 28.70 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह केवल दोनों ठिकानों से बरामद नकदी ही 79.97 लाख रुपये है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में आभूषण और 48 घड़ियां भी बरामद हुई हैं।
विजिलेंस ब्यूरो के मुताबिक, छापेमारी के दौरान अलग-अलग कंपनियों की 48 घड़ियां भी बरामद हुईं। इनकी अस्थायी कीमत करीब 6.01 लाख रुपये आंकी गई है। एजेंसी ने बताया कि अधिकारी दंपती के दो बैंक खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
साभार जनसत्ता

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper