PoK में भड़की हिंसा: कोटली में प्रदर्शनकारी महिलाओं पर पाक सेना का बर्बर लाठीचार्ज और फायरिंग, 50 घायल
श्रीनगर। गुलाम कश्मीर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाकों में पाकिस्तान सेना की गतिविधियां बढ़ गई हैं। वीरवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा और गुरेज (बांदीपोरा) क्षेत्र से सटे एथमुकाम डिग्री कॉलेज में बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैनिकों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार एलओसी के करीब स्थित यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है। नीलम (किशनगंगा) नदी के किनारे स्थित एथमुकाम डिग्री कॉलेज मुजफ्फराबाद से करीब 80 किलोमीटर दूर है। भारतीय सीमा के नजदीक इस क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को सामान्य नहीं माना जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कल सुबह करीब 9:30 बजे मुजफ्फराबाद का दौरा कर वहां के हालात का जायजा लिया।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली में कल शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं पर पाकिस्तानी सेना व स्थानीय पुलिस ने बर्बरता की। लाठीचार्ज, पैलेट गन और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान 50 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जेकेएचआरओ के अनुसार तय कार्यक्रम के अनुसार कोटली में महिलाएं सड़कों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही थीं। इस दौरान सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज कर दिया। इससे चीख-पुकार मच गई। महिलाओं को निशाना बनाकर फायरिंग भी की गई।
साभार अमर उजाला

