मौसम विभाग का अलर्ट.... यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में होगी बारिश

  • Share on :

नई दिल्ली। ठंड एक बार फिर से वापसी करती नजर आ रही है। घने कोहरे और सर्द हवाओं का दौर लौट आया है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह घना कोहरा देखा गया जिससे यातायात में परेशानियां हो रही हैं। साथ ही, ठंडी बढ़ने से लोगों की कंपकंपी भी छूटने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में सोमवार को घने कोहरे के साथ ही बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 22 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि पश्चिमी विक्षोभ आज से अपना असर दिखाएगा। इसके चलते उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है। राजस्थान के कई हिस्सों में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 2 दिन बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ भागों में ताजा पश्चिमी विक्षोभ 3-4 फरवरी के दौरान सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी व उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। इससे ठंड का प्रकोप एक बार फिर से बढ़ जाएगा। सर्द हवाएं भी दिक्कतें बढ़ा देंगी। बीते चौबीस घंटे में राज्य में निम्नतम न्यूनतम तापमान लूणकरणसर में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, राज्य के बाकी हिस्सों में आगामी दिनों मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव हो सकता है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper