मौसम विभाग की चेतावनी: अगले 48 घंटों में उत्तर भारत में चलेगी धूलभरी आंधी, कई इलाकों में ओलावृष्टि का अनुमान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गुरुवार को मौसम का रौद्र रूप दिखने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक एक तरफ जहां मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और तेजी से आगे बढ़ते हुए देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों को कवर लिया है, वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के कई राज्यों लिए अगले 48 घंटों में धूल भरी आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
गर्मी से बेहाल उत्तर भारत के राज्यों को 11 और 12 जून को राहत मिलने वाली है। IMD के मुताबिक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 जून तक बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पूरे उत्तर पश्चिम भारत में 11 और 12 जून को इन राज्यों में 40 से लेकर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की संभावना है। साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि और धूलभरी आंधी का भी अलर्ट है। यूपी में 11 और 12 जून को मौसम का रौद्र रूप दिखेगा। इस दौरान यहां 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की संभावना है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

