जब छात्रों के बीच घुटनों के बल बैठे कलेक्टर... और मुस्कुराहटों से भर उठी कक्षा
सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास में विशेष विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और जिजीविषा ने जीता कलेक्टर श्री आशीष तिवारी का दिल
ब्रेल, अबेकस और सांकेतिक भाषा के माध्यम से बच्चों ने साबित किया— हौसलों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । प्रेमनगर स्थित सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों) के छात्रावास में शुक्रवार को संवेदनशीलता, आत्मीयता और प्रेरणा का ऐसा दृश्य बना, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी जब छात्रावास पहुंचे तो उन्होंने औपचारिकता से दूरी बनाते हुए सीधे छात्रों की कक्षा में पहुंचकर घुटनों के बल बैठकर उनसे संवाद किया। इस आत्मीय व्यवहार ने छात्रों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी और कुछ ही क्षणों में पूरा वातावरण अपनत्व से भर उठा।
कलेक्टर श्री तिवारी ने विशेष आवश्यकता वाले इन छात्रों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में बात की। छात्रों ने भी बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन किया। यह संवाद केवल प्रश्न और उत्तर का नहीं, बल्कि विश्वास और प्रेरणा का संवाद बन गया।

