बेटी के प्रेम प्रसंग पर टोका, तो युवक और उसकी मां ने पिता को चाकू से गोदा, जान से मारने की दी धमकी
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता द्वारा अपनी बेटी को प्रेम प्रसंग के चलते टोकने पर युवक और उसकी मां ने न केवल पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, बल्कि बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादिया भूरीबाई ठाकुर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी प्राची का पिछले चार-पांच सालों से शुभम पल्लव नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर 21 जून को जब भूरीबाई के पति मेहरबान ठाकुर ने अपनी बेटी को शुभम से बातचीत करने से मना किया और समझाया, तो प्राची नाराज होकर घर से चली गई।
चाकू से किया हमला
इसके करीब एक घंटे बाद, प्राची, शुभम पल्लव और शुभम की मां किरण पल्लव, भूरीबाई के घर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने मेहरबान ठाकुर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्हें गाली देने से रोका गया, तो शुभम ने तैश में आकर मेहरबान ठाकुर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके पीठ, हाथ और चेहरे पर चोटें आईं।
बीच-बचाव करने वालों को भी पीटा
हमले के दौरान जब भूरीबाई और उनके मकान मालिक विजय गुप्ता व पड़ोसी सोनू परेता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। भूरीबाई ने आरोप लगाया कि शुभम ने उन्हें मारा, जिससे उनके हाथ की उंगलियों में चोट आई। साथ ही, किरण पल्लव और प्राची ने भूरीबाई के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसे मारे।
जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार
आरोपियों ने भागते समय भूरीबाई और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मेहरबान ठाकुर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
फरियादिया की शिकायत पर खजराना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (115(2), 118(1), 296(a), 3(5), 351(3)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक अशोक सिंह रघुवंशी द्वारा की जा रही है।

