सीसीटीवी की मदद से ऑटो में छूटा लैपटॉप खोजकर कटनी पुलिस ने वास्तविक मालिक को सुरक्षित सौंपा

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 

कटनी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से कटनी पुलिस ने ऑटो में छूटे एक लैपटॉप को खोजकर उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित वापस सौंप दिया। इस त्वरित कार्रवाई से फरियादी ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संचालित सीसीटीवी मॉनिटरिंग के तहत यह सफलता मिली। फरियादी घनेन्द्र कुमार त्रिपाठी और उनकी पुत्री शालिनी तिवारी ने पुलिस को बताया कि वे दुर्गा चौक से थाना तिराहा जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे, जहां यात्रा के दौरान उनका लैपटॉप ऑटो में ही छूट गया।
सूचना मिलते ही सीसीटीवी टीम ने बताए गए मार्ग के कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में खिरहनी ब्रिज और थाना तिराहा के कैमरों में संबंधित ऑटो दिखाई दिया, जिसके आधार पर वाहन का पंजीयन क्रमांक एमपी-21 जेडबी-7850 चिन्हित किया गया।
आरटीओ रिकॉर्ड से चालक की जानकारी प्राप्त कर उससे संपर्क किया गया। चालक ने बताया कि लैपटॉप उसके पास सुरक्षित रखा हुआ है। इसके बाद थाना एनकेजे पुलिस और सीसीटीवी टीम ने लैपटॉप प्राप्त कर फरियादी को विधिवत सुपुर्द कर दिया।
लैपटॉप सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी और उनके परिजनों ने कटनी पुलिस की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस कार्य में दीक्षा रेडियो की अनामिका सोनकर, मृदुल त्रिपाठी, देवराज सिंह, पुष्पेंद्र यादव तथा थाना एनकेजे पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper