महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने किया जिला पुस्तकालय का शुभारंभ

  • Share on :

नई पीढ़ी में अध्ययन की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा पुस्तकालय
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया ने उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान के समीप नवनिर्मित स्वरूप में जिला पुस्तकालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शुभारंभ के पश्चात मंत्री  भूरिया एवं कलेक्टर डॉ. भरसट ने पुस्तकालय का अवलोकन किया तथा उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं द्वारा पुस्तकालय और यहां उपलब्ध पुस्तकों का अधिक से अधिक उपयोग किए जाने पर जोर दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पुस्तकालय को नया स्वरूप दिया गया है। यहां विद्यार्थी शांत एवं बेहतर वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि पुस्तकालय में विद्यार्थियों एवं पाठकों की आवश्यकता और रुचि के अनुरूप अच्छी एवं उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता निरंतर बढ़ाई जाए। जिले के अधिक से अधिक बच्चे और युवा इस पुस्तकालय से जुड़ें तथा यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लें। 

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों के संग्रह का स्थान नहीं, बल्कि ज्ञान, अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुस्तकालय उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पुस्तकालय आने, अध्ययन की आदत विकसित करने तथा उपलब्ध पुस्तकों का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही पुस्तकालय में समय-समय पर विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप उपयोगी एवं नवीन पुस्तकों को शामिल करने पर भी जोर दिया।

जिला पुस्तकालय का संचालन शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। वर्तमान में पुस्तकालय में 14 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। विभिन्न विषयों की इन पुस्तकों का लाभ विद्यार्थी, युवा एवं अन्य पाठक ले सकेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से पुस्तकालय को और अधिक समृद्ध बनाने में सहभागिता की अपील भी की गई है। ऐसे नागरिक एवं पुस्तकप्रेमी, जो उपयोगी पुस्तकें भेंट करना चाहते हैं, वे जिला पुस्तकालय से संपर्क कर पुस्तकें प्रदान कर सकते हैं। इससे पुस्तकालय के पुस्तक संग्रह में वृद्धि होने के साथ ही अधिक से अधिक पाठकों को विविध विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हो सकेंगी।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर, जिला शिक्षा अधिकारी  आर एस बामनिया एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper