विश्व मलेरिया दिवस : बेअसर हुआ मलेरिया का डंक, 23 हजार से अधिक जांचों मे मिला एक मरीज़
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर I विश्व मलेरिया दिवस के मौके पर ग्वालियर जिले से एक बेहद सकारात्मक और राहत भरी खबर सामने आई है। जिले में स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता और आम नागरिकों की जागरूकता का ही नतीजा है कि इस साल मलेरिया का डंक पूरी तरह से बेअसर साबित हो रहा है। पिछले करीब चार महीनों के आंकड़ों पर गौर करें तो ग्वालियर में मलेरिया लगभग नियंत्रण में आ चुका है। जिला मलेरिया अधिकारी ग्वालियर, डॉ. विनोद दोनेरिया ने मलेरिया की वर्तमान स्थिति पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिले में बुखार से पीड़ित मरीजों की सघन स्क्रीनिंग और मलेरिया की जांच लगातार की जा रही है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 से लेकर 24 अप्रैल 2026 तक पूरे जिले में कुल 23,208 लोगों के मलेरिया टेस्ट किए गए हैं। इन 23 हजार से अधिक जांचों में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि पूरे जिले में केवल 1 ही मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता लाइई रंग
इतनी बड़ी संख्या में टेस्ट होने के बावजूद केवल एक मरीज का पॉजिटिव आना, स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दोनेरिया के अनुसार, विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान, लार्वा विनिष्टीकरण और समय पर मरीजों की पहचान के कारण ही यह संभव हो पाया है।
विश्व मलेरिया दिवस के उपलक्ष्य में यह आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि सही समय पर जांच और बचाव के उपायों से इस गंभीर बीमारी को मात दी जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने इस अवसर पर आम जनता से अपील की है कि वे इस सफलता को आगे भी बनाए रखें।
जिला मलेरिया अधिकारी ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यद्यपि आंकड़े उत्साहजनक हैं, लेकिन बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। अपने घरों के आसपास साफ पानी जमा न होने दें, कूलर और टंकियों को नियमित रूप से साफ करें और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी या मॉस्किटो रिपेलेंट्स का उपयोग करते रहें। किसी भी प्रकार का बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी जांच अवश्य कराएं।

