उत्तराखंड में मौसम का येलो अलर्ट; बह गया अस्थायी पुल, 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

  • Share on :

देहरादून। उत्तराखंड में हो रही बारिश से सड़कों के बंद होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्यभर में 120 सड़कें बंद हैं। इस वजह से आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हुई और जनजीवन भी प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, लखवाड़ बहुउद्देश्यीय बांध प्रोजेक्ट का निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर गिर गया।
दूसरी ओर प्रेमनगर में नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने अस्थायी पुल शनिवार रात बह गया। इस कारण रविवार सुबह करीब 11 बजे तक आवाजाही ठप रही और लोगों को दस किमी घूमकर सफर करना पड़ा। बाद में लोनिवि को आनन-फानन में नए पुल पर ट्रैफिक खोलना पड़ा। 11 घंटे बाद लोगों को राहत मिल सकी।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को पहाड़ी जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश संभव है। मैदानी क्षेत्रों में कुछ ही जगह हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। दून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ कुछ जगह तीव्र से अति तीव्र वर्षा का दौर चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है। रविवार को दून का अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री दर्ज किया गया।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पौड़ी में सर्वाधिक 20, चमोली में 17, पिथौरागढ़ में 14 और उत्तरकाशी में करीब 15 सड़कें बंद हैं। लोनिवि के एचओडी राजेश शर्मा ने बताया कि सभी बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है। कुछ जगह बड़ी मात्रा में भूस्खलन हुए हैं। ऐसे में इन सड़कों को खोलने के काम में समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि सभी डिविजनों को सड़क संपर्क बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper