एम्बुलेंस में बैठाकर युवक को पीटा और लूटा: रंगनाथनगर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, बुलेट और एम्बुलेंस जब्त
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। रंगनाथनगर पुलिस ने रंगदारी, मारपीट और लूट के मामले का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक एम्बुलेंस, एक बुलेट मोटरसाइकिल और लूटी गई नगदी बरामद की है। न्यायालय में पेश करने के बाद चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
घटना मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी राजेंद्र कोल के साथ घटी। शिकायत के अनुसार, 13 मार्च को बच्चू उर्फ चंद्रप्रकाश गौतेल फरियादी को अपनी बुलेट से बरगवां मछली मार्केट ले गया। वहां शुभम पटेल, शक्ति सोनी और बच्ची उर्फ वीरेंद्र यादव पहले से मौजूद थे। चारों ने फरियादी को जबरन एम्बुलेंस (MP 21 ZG 6349) में बैठा लिया और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज व मारपीट की।
इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह ले गए, जहां डंडों और लात-घूंघों से जमकर पीटा। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने फरियादी का वनप्लस मोबाइल और जेब में रखे रुपये छीन लिए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण फरियादी को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा, जिसके चलते उसने ठीक होने पर 16 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत पर थाना रंगनाथनगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं—296(बी), 115(2), 309(4), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 311/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देशन, एएसपी व डीएसपी (अजाक) के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
शक्ति सोनी (25 वर्ष), निवासी भूमिया टोला, कटनी
शुभम पटेल (23 वर्ष), निवासी पठरा करहिया, कुठला, कटनी
बच्चू उर्फ चंद्रप्रकाश गौतेल (25 वर्ष), निवासी झर्राटिकुरिया, कटनी
बच्ची उर्फ वीरेंद्र यादव (19 वर्ष), निवासी बंधवा टोला, कटनी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (MP 21 ZB 2808), एम्बुलेंस (MP 21 ZG 6349) और ₹700 नगद जब्त किए हैं।

