सरदार पटेल की जयंती पर छुरा में दौड़े युवा, दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

  • Share on :

रन फॉर यूनिटी में खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा, एकता-अखंडता बनाए रखने की शपथ ली
छुरा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर छुरा नगर में सद्भावना दौड़ ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में हरिभूमि के संवाददाता यशवंत यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं। उन्हें महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और योगदान से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर युवाओं को देशसेवा के लिए आगे आना चाहिए।
अधीक्षक कुलेश्वर मरकाम ने अच्छे नागरिक बनने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित प्रमोद यादव ने नशामुक्ति के संबंध में जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
शिक्षक विनोद देवांगन ने राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के संयोजक समाजसेवी शीतल ध्रुव ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्रीय दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री और प्रथम गृह मंत्री के रूप में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया उत्साह
आयोजन में माय भारत केंद्र गरियाबंद, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से जुड़े नरेंद्र साहू, स्वयंसेवक बलराज पटेल, भोले शंकर जायसवाल, संजीव, विमल पुरोहित, कमलेश, पान सिंह, कैलाश, राजेंद्र, मनीष, उमेश, आदित्य, निखिल, सोनिया और गजेंद्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग से प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा तथा आरक्षक कन्हैया गिलहरे और पंकज सेन की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास एवं पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। वेटलिफ्टिंग संघ छुरा, गरियाबंद के सदस्यों के अलावा महिला कबड्डी टीम और महिला बैडमिंटन टीम की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बनाया।

एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प
रन फॉर यूनिटी के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित एकता है। भाषा, संस्कृति, जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी को भारतीय होने के गौरव के साथ देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper