नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस : चंदननगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स के साथ युवक गिरफ्तार

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15.87 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल राठौर पिता मदन राठौर (26) निवासी हैदर नगर, हातोद, जिला इंदौर को आईटी पार्क धार रोड ग्रीड के पास से पकड़ा गया। पुलिस टीम हॉट स्पॉट और शेडो एरिया में संदिग्धों की तलाश कर रही थी, तभी आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और जल्दी पैसे कमाने व कर्जा चुकाने के लिए एमडी ड्रग्स की सप्लाई करता था। आरोपी राजस्थान से कम दामों में ड्रग्स खरीदकर इंदौर में महंगे दामों में बेचता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चंदननगर में अपराध क्रमांक 583/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड लेकर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, डीसीपी जोन-4 एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उनि सौरभ कुशवाह, उनि नरेंद्र सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, जितेंद्र सोलंकी, आरक्षक अनिल मकवाना और धीरज पांडे की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper