कटनी पुलिस की विशेष कांबिंग गस्त अभियान में 111 आरोपी पकड़े
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस ने विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाकर अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 11 स्थाई वारंटी और 33 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 111 आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने 34 गुंडा बदमाश और 33 निगरानी बदमाशों को भी चेक किया। इसके अलावा जिला बदर किए गए दो बदमाशों की जांच की गई। अवैध शराब के मामले में 8 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। जुआ अधिनियम के तहत भी एक प्रकरण दर्ज किया गया।
कांबिंग गश्त के दौरान 31 जमानती वारंट और 36 समंस तामील किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच आरोपियों पर धारा 170 बीएनएसएस तथा 53 व्यक्तियों पर धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। रात में आने-जाने वाले 34 मुसाफिरों की जांच कर उनका विवरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य फरार वारंटियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की निगरानी तथा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

