सिंधिया समर्थक उपचुनाव लड़ने वाले आठ मंत्रियों समेत 13 को फिर बनाया उम्मीदवार, 6 के कटे टिकट

  • Share on :

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पांचवीं सूची के साथ ही अब तक 228 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। दो सीट गुना और विदिशा को होल्ड किया है। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने समर्थक विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। जिसके बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी। वहीं, शिवराज के नेतृत्व में भाजपा ने दोबारा सरकार बनाई थी। भाजपा में शामिल होने वाले 19 विधायकों ने इस्तीफा देकर 2020 में उपचुनाव लड़ा था। इसमें से आठ मंत्रियों समेत 13 को भाजपा ने फिर मौका दिया है। हालांकि मंत्री ओपीएस भदौरिया समेत 6 के टिकट काट दिए हैं।
इनके कटे टिकट
गिर्राज दंडोतिया- दिमनी से गिर्राज दंडोतिया का टिकट काट कर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को प्रत्याशी बनाया है। उपचुनाव में दंडोतिया 26 हजार 467 वोट से चुनाव हारे थे। कांग्रेस ने यहां पर वर्तमान विधायक रवींद्र सिंह तोमर को प्रत्याशी बनाया है।
मुन्ना लाल गोयल- वहीं, ग्वालियर पूर्व से मुन्ना लाल गोयल का टिकट कट गया है। यहां पर भाजपा ने सिंधिया की मामी पूर्व मंत्री माया सिंह को टिकट दिया है। 2018 में इस सीट पर मुन्ना लाल गोयल ने भाजपा प्रत्याशी सतीश सिकरवार को हराया था। वहीं, उप चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सतीश सिकरवार ने गोयल को 8555 वोट से हरा दिया था।
जसमंत जाटव- शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा सीट पर जसमंत जाटव छितरी का टिकट कट गया है। वे उप चुनाव प्रागीलाल जाटव से 30 हजार वोट से हार गए थे। यहां पर भाजपा ने 2008 में विधायक रहे रमेश खटीक को अपना प्रत्याशी बनाया है। जसमंत जाटव के टिकट कटने का कारण उनका स्थानीय कार्यकर्ताओं से तालमेल नहीं बना पाना भी एक कारण बताया जा रहा है।
रणवीर सिंह जाटव- भिंड जिले की गोहद सीट पर सिंधिया समर्थक रणवीर सिंह जाटव का टिकट कट गया है। यहां पर भाजपा ने पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को टिकट दिया है। रणवीर जाटव 2009 के उपचुनाव और 2018 का चुनाव जीते थे। 2020 के उपचुनाव में रणवीर कांग्रेस के मेवाराम जाटव से 11 हजार 899 वोट से हार गए थे।
रक्षा संतराम सरोनिया- भांडेर से विधायक रक्षा संतराम सरोनिया का भी टिकट काट दिया है। यहां पर भाजपा ने घनश्याम पिरोनिया को टिकट दिया है। उपचुनाव में रक्षा संतराम सरोनिया ने कांग्रेस के फूल सिंह बरैया को 161 वोटों से हराया था। कांग्रेस ने फूल सिंह बरैया को दोबारा अपना प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा ने मेहंगाव से मंत्री ओपीएस भदौरिया का टिकट काट दिया है। मंत्री की सर्वे में रिपोर्ट ठीक नहीं आई थी। वहीं, जिले में जातिगत समीकरण से भी उनको टिकट मिलने की संभावना कम ही बताई जा रही थी। यहां पर भाजपा ने पूर्व विधायक राकेश शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है। 2020 के उपचुनाव में भाजपा ने ओपीएस भदोरिया ने कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत सत्यदेव कटारे को 12 हजार वोटों से हराया था।
भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक आठ मंत्री समेत 11 को टिकट दिए हैं। ग्वालियर से मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, पोहरी से मंत्री सुरेश धाकड़, बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया, मुंगावली से बृजेंद्र सिंह यादव, सुरखी से गोविंद सिंह राजपूत, सांची से प्रभुराम चौधरी, बदनावर से राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और सांवेर से तुलसीराम सिलावट को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा डबरा सीट पर पूर्व मंत्री इमरती देवी, अशोकनगर सीट पर वर्तमान विधायक जजपाल सिंह जज्जी, हाटपिपल्या सीट पर वर्तमान विधायक मनोज चौधरी, सुमावली सीट पर एदल सिंह कंसाना और अंबाह सीट पर कमलेश जाटव को प्रत्याशी बनाया है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper