इंदौर शहर में 21 लाख वृक्षारोपण अभियान,  सुपर कॉरिडोर पर बनेगा इंदौर का "नगर वन"

  • Share on :

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संत महंतो की उपस्थिति में उनके साथ किया 21000 पौधा रोपण का शुभारंभ
साधु-संतों के सानिध्य मे वटुकों के शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के बीच बोहरा कॉलोनी में हुआ 21 हजार पौधों का रोपण
इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर विकसित होगा विशाल नगर वन , तालाब में तैरती बोटिंग के साथ शहरवासियों को मिलेगी प्राकृतिक सुविधाओं की सौगात
इंदौर में नगर वन के विकास के लिए मंत्री विजयवर्गीय ने केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से करी बात, इसके विकास में पैसों की नहीं आने देंगे कमी
100 एकड़ जमीन पर लगेंगे लाखों पौधे, भविष्य में शहर के लिए यह "नगर वन" ऑक्सीजन झोन का करेगा काम - कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर मध्यप्रदेश सह संपादक अनिल चौधरी 
इंदौर। बुधवार  को नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में सुपर कॉरिडोर पर गांधी नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित बोहरा कॉलोनी में संत महंतो की विशेष उपस्थित में 21 हजार पौधे रोपकर पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन बहनों की रक्षा का पर्व है उसी तरह वृक्षारोपण धरती माँ की रक्षा का महोत्सव है।  

साधु-संतों की उपस्थिति में यह धरती तीर्थ समान हो गई है

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विश्व का बड़ा हिस्सा इस समय प्रदूषण की चपेट में है। ऐसे समय हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने एक पेड़ माँ के नाम से वृक्षारोपण का उदघोष कर धरती को हरा-भरा करने का संदेश दिया। उन्होंने दुनिया भर के लोगों को संदेश दिया और कहा हम वृक्ष लगा रहे हैं, सौर ऊर्जा से बिजली बना रहे हैं। इस तरह हम धरती को बेहतर पर्यावरण प्रदान कर रहे हैं। यहां पर आज इतने संतों के आगमन से यह धरती पवित्र हो गई। संतों के वृक्षारोपण करने से यह क्षेत्र तीर्थ बन जाएगा। एक पेड़ लगाना शिव मंदिर के समान है क्योंकि वृक्ष जहरीली गैस रुपी जहर को सोखकर हमें प्राणवायु ऑक्सीजन का अमृत प्रदान करते हैं। पेड़ हमें जीवन देते हैं इसलिए हमारा कर्तव्य है कि जो हमें जीवन दे रहा है उसकी संख्या को बढ़ाएं। 2024 में हमने 51 लाख वृक्ष लगाए थे और साथ ही 12 लाख 40 हजार पौधारोपण का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था। मुझे यह कहते हुए गर्व है कि वो सभी पौधे अभी जीवित है और वृक्ष बनने की ओर अग्रसर हैं। ऐसा लगता है कि वो वृक्ष मुस्कुरा रहे हैं। इसी तरह का सघन वन यहां भी आकार लेगा। प्रकृति के अदभुत नजारे यहां भी दिखाई दैंगे। इस जमीन को नगर निगम ने वन विभाग से लिया है और यहां पर फव्वारे, तालाब और दूसरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस जमीन पर ऐसे फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे, जो प्रवासी पक्षियों को आकर्षित करेंगे। प्रवासी पक्षी शीतकाल में हजारों किलोमीटर की सफर तय कर यूरोप से हमारे यहां पर आते हैं। हमारी कोशिश है कि वे पक्षी इस स्थान पर अपना बसेरा बनाएं। इसके बाद 5 सितंबर के दतूनी पहाड़ी पर महा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। वहां पर भी हजारों पेड़ लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा और भविष्य में दतूनी पहाड़ी पर भी लाखों पेड़ आपको लहलहाते दिखाई देंगे। इस तरह भविष्य का स्वच्छ इंदौर हरा-भरा हरित इंदौर भी होगा। 

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है। जिस संकल्प के साथ साधु-संत जुड़ जाते हैं वह संकल्प सिद्ध हो जाता है। कैलाशजी केवल पौधा लगाते नहीं है, बल्कि उसकी पूरी जिम्मेदारी लेकर उसको विशाल वृक्ष भी बनाते हैं।

100 एकड़ जमीन पर सघन वन लेगा आकार

 सुपर कॉरिडोर के बोहरा कॉलोनी स्थित वन विभाग की इस 100 एकड़ भूमि को "नगर वन" के रूप में  विकसित किया जाएगा।
इस क्षेत्र को विकसित करने के लिए बड़े बजट की जरुरत होगी, इसके लिए मंत्री विजयवर्गीय ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से बात की है।
इसके तहत इस रिक्त भूमि पर आने वाले समय में लाखों वृक्षों का रोपण कर घना वन विकसित किया जाएगा। यहां पर वर्षा जल को संग्रहित करने के लिए वर्तमान में मौजूद तालाब का विस्तार किया जाएगा , जिसमें बोटिंग की सुविधा भी शहर वासियों के लिए होगी,साथ ही दूसरी सुविधाएं भी यहां पर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे यह आने वाले समय में शहर के लिए ऑक्सीजन जोन का कार्य करें और पक्षियों के कलरव के साथ यहां पर शहरवासी भी प्रकृति का आनंद लेने के लिए आएं। 
इस कार्य को सुनियोजित नीति बनाकर किया जा रहा है। नगर निगम के वास्तुकारों का सहयोग लिया जा रहा है। तालाब से लेकर बाकी सुविधाएं कहां पर आकार लेगी यह विशेषज्ञों की सलाह पर किया जाएगा। तालाब में नौकायान की सुविधा भी रहेगी।  बुधवार को रोपे गए 21 हजार पौधों में  बड़ी संख्या में फलदार वृक्षों का भी रोपण किया गया। 

साधु- संतों के साथ लोगों ने किया वृक्षारोपण
मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, राजेंद्र राठौर, वीरेंद्र व्यास, रामगोपाल दास महाराज, पवन दास जी महाराज,  पवनानंदजी महाराज, चैतन्य स्वरुप जी महाराज, राधे-राधे बाबा, रामचरण जी महाराज, रामायणी महाराज, हंसदास मठ, विद्याधाम और राम मंदिर पंचकुईया के बटुक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। बटुकों के शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के बीच साधु-संतों और उपस्थित राजनेताओं ने वृक्षारोपण किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper