जनसुनवाई में 81 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी नागरिकों की समस्याएं, मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल किया गया समाधान
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों के 81 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में विकासखंड डिंडौरी के ग्राम रहंगी निवासी श्री जेठू सिंह ने खेत तालाब की राशि का भुगतान नहीं होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। सुश्री हीरा टांडिया ने प्राथमिक शाला दपकी टोला, संकुल केंद्र मूसामुंडी में अतिथि शिक्षक वर्ग-3 की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को जांच कर नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। वहीं श्री जगदीश सिंह मरावी ने छात्रावास अधीक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर कलेक्टर ने बीईओ अमरपुर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम कनेरी माल के ग्रामीणों ने पठना टोला, झंझा टोला एवं इमली टोला में बोर खनन होने के बाद हैंडपंप स्थापित कराने का आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप स्थापित होने से इन क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीएचई को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत भाजीटोला में विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता की जांच, धान खरीदी केंद्र प्रारंभ कराने, अनुग्रह सहायता राशि दिलाने तथा अपूर्ण प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण कराने संबंधी आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि “जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका परीक्षण करें और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के उपरांत नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

