जिला चिकित्सालय झाबुआ में 19 वर्षीय युवती के पेट से निकाली 4.5 किलो की विशाल गठान

  • Share on :

37 × 28 सेंटीमीटर के नियोप्लास्टिक लेजन का सफल ऑपरेशन, जिला अस्पताल में उपलब्ध है कैंसर सर्जरी एवं कीमोथेरेपी की सुविधा
संवाददाता :- सलीम हुसैन
झाबुआ। जिला चिकित्सालय झाबुआ में कैंसर सर्जन एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने एक 19 वर्षीय युवती के पेट से लगभग 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। लगभग 37 × 28 सेंटीमीटर आकार की यह गठान बाएं अंडाशय में पाई गई थी।

19 वर्षीय अनिला पिछले लगभग 6 माह से पेट में सूजन एवं दर्द की शिकायत से परेशान थी। जिला चिकित्सालय में कैंसर सर्जन एवं विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र भायल द्वारा मरीज की जांच की गई। अल्ट्रासाउंड जांच में बाएं अंडाशय में लगभग 37 × 28 सेंटीमीटर आकार का नियोप्लास्टिक लेजन (Neoplastic lesion) पाया गया।

मरीज की कम उम्र तथा गठान के अत्यधिक बड़े आकार को देखते हुए आवश्यक जांच एवं प्री-ऑपरेटिव तैयारी के बाद तत्काल ऑपरेशन की योजना बनाई गई। जिला चिकित्सालय झाबुआ में ही सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर लगभग 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान निकाली गई।

यह जटिल ऑपरेशन कैंसर सर्जन डॉ. देवेंद्र भायल के नेतृत्व में, एनेस्थेटिस्ट डॉ. सावन चौहान, डॉ. राहुल धाकड़ तथा नर्सिंग ऑफिसर अनिल मोरे की टीम द्वारा किया गया।

ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है और वर्तमान में मरीज स्वस्थ एवं चिकित्सकीय निगरानी में है।

जिला चिकित्सालय में कैंसर सर्जरी एवं कीमोथेरेपी की सुविधा
जिला चिकित्सालय झाबुआ में अब कैंसर सर्जरी एवं कीमोथेरेपी सहित कैंसर उपचार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस वर्ष अब तक 125 से अधिक कैंसर मरीजों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा चुका है।

जिला स्तर पर कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम हो रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा जिला चिकित्सालय में ही मरीजों को आवश्यकतानुसार कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी एवं अन्य उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

19 वर्षीय युवती के पेट से लगभग 4.5 किलोग्राम की विशाल गठान का सफल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय झाबुआ में उपलब्ध विशेषज्ञ कैंसर सर्जरी, एनेस्थीसिया एवं नर्सिंग सेवाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण है। जिला चिकित्सालय में गंभीर एवं जटिल मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper