शिवपुरी में 17 वर्षीय किशोर ने बनाई मिट्टी की गणेश जी की प्रतिमा
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोट
शिवपुरी | शहर के 17 वर्षीय किशोर कृष्ण गोयल ने गणेशजी की मूर्ति बनाकर अपने घर पर स्थापित की और पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया। मूर्ति और सजावट में सभी सामग्री इको-फ्रेंडली ही उपयोग में ली गई हैं।
कृष्ण गोयल ने बताया कि वह पिछले 3 वर्षों से मिट्टी के गणेश भगवान की मूर्ति बनाकर स्थापित कर रहे हैं। जल मंदिर के पास रहने वाले कृष्ण गोयल ने मिट्टी, दाल और चावल का उपयोग करके भगवान श्री गणेश की प्रतिमा बनाई।
यह मूर्तियां मिट्टी से तैयार की जाती हैं, साथ ही इनमें दाल, चावल और गेहूं भी मिलाया जाता है, जिससे नदी में विसर्जन के बाद मिट्टी बह जाए और दाल, चावल, गेहूं मछलियों के भोजन के काम आएं।
कृष्ण गोयल एक अनूठी पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश फैला रहे हैं। वे मिट्टी की मूर्तियां बनाकर लोगों को यह बताना चाहते हैं कि कैसे इन प्राकृतिक मूर्तियों से जलवायु और जल संसाधनों की रक्षा की जा सकती है। कृष्ण गोयल का कहना है कि मिट्टी की मूर्तियां इको-फ्रेंडली होती हैं, उनका विसर्जन करने से जल में रहने वाले जीवों को कोई नुकसान नहीं होता, और इससे बने अवशेषों का उपयोग पौधे लगाने में किया जा सकता है।

