एक्सप्रेस-वे पर रात 1 बजे धू-धू कर जली कार, चालक 80% झुलसा, 5 सवारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला

  • Share on :

अलवर। जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
डीएसपी कैलाश जिंदल के अनुसार हादसा रात करीब 1 बजे मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 पर हुआ। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी उसमें आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग का गोला बन गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
कार में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष सवार थे, जिनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह कार से कूदकर बाहर निकल गया लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत झुलस गया। सूचना मिलने पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस का जाप्ता और एसएचओ नेकीराम भी घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल को बुलाया गया।
डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को पिनान के सीएचसी भेजा, जहां से उसे अलवर के सामान्य अस्पताल रैफर किया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper