एकता, सम्मान और संकल्प का संगम: साहू समाज करैरा की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की मौजूदगी में गूंजा विकास का संकल्प
करेरा। ताज विलास गार्डन, सिटी सेंटर करैरा में रविवार को साहू समाज करैरा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह ने सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाजहित में समर्पित कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां कर्मा देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद समाज की महिलाओं एवं युवतियों ने स्वागत वंदना प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों सहित समाज के वरिष्ठजनों का पुष्पमाला, शॉल और श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया, जिस पर सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, करैरा विधायक रमेशप्रसाद खटीक एवं पूर्व विधायक माखनलाल राठौर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में रणवीरसिंह रावत (प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा), जसवंत जाटव (जिलाध्यक्ष भाजपा, शिवपुरी), शकुन्तला खटीक (पूर्व विधायक) एवं लोकपाल सिंह लोधी (प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा, भाजपा) शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय तेली महासभा के राष्ट्रीय युवा कार्यवाहक अध्यक्ष दिनेश साहू (सिल्लन) ने की। वहीं संरक्षक मंडल के सदस्य कोमलप्रसाद साहू, लखनलाल साहू एवं बृजेश साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन मंचासीन रहे।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने समाज में शिक्षा, सामाजिक समरसता, युवाओं के नेतृत्व विकास और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल देते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजयकुमार साहू (मुहार वाले) सहित पूरी कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री, मीडिया प्रभारी, कार्यालय मंत्री एवं अन्य दायित्वधारी शामिल रहे। सभी ने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन और आपसी सहयोग से ही संभव है। युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया गया।
समारोह में करैरा क्षेत्र के विभिन्न समाजों के अध्यक्ष, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजयकुमार साहू ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों, पत्रकारों, समाजबंधुओं एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि नई कार्यकारिणी समाज के विश्वास पर खरी उतरते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।
— रणजीत टाईम्स| शिवपुरी जिला ब्यूरो
हेमंत भार्गव

