हरसूद में आज रानी दुर्गावती जयंती का भव्य आयोजन
सवादता:- पुनीत सेन
हरसूद। वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर सोमवार, 5 अक्टूबर को खंडवा जिले के हरसूद में प्रदेश स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। समारोह में गोंड राजघरानों के 52 गढ़ों के वंशजों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विशाल शोभायात्रा और सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि रानी दुर्गावती की गौरवशाली विरासत और 52 गढ़ों से जुड़े राजवंशों के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया जाएगा। तेंदूपत्ता बोनस और काष्ठ लाभांश वितरण सहित अन्य हितलाभ दिए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
दिव्यांग श्रद्धालुओं को लेकर विजय शाह का बड़ा बयान
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री विजय शाह ने कहा कि जो दिव्यांग श्रद्धालु संत सिंगाजी महाराज की यात्रा में शामिल नहीं हो पाते हैं, उन्हें साधन उपलब्ध कराकर यात्रा में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को अपनी आस्था की यात्रा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
रानी दुर्गावती का गौरवशाली इतिहास
रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को कालिंजर दुर्ग में हुआ था। वे चंदेल राजवंश से थीं और बाद में गोंड शासक दलपत शाह से उनका विवाह हुआ। रानी दुर्गावती को उनके प्रशासनिक कौशल, सैन्य नेतृत्व और मुगल विस्तार के विरुद्ध संघर्ष के लिए याद किया जाता है। 2026 में उनकी 502वीं जयंती मनाई जा रही है।
हरसूद में आयोजित यह समारोह रानी दुर्गावती की विरासत, जनजातीय संस्कृति और गोंड राजवंशों के इतिहास को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में 52 गढ़ों के वंशजों की शोभायात्रा और सम्मान समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

