कलारिया से सिंहासा शिव मंदिर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा, श्रद्धालुओं का किया स्वागत
आदित्य शर्मा
इंदौर। सावन माह के पावन अवसर पर आज ग्राम कलारिया से सिंहासा स्थित शिव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माताओं-बहनों, बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक कांवड़ यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सेवा के लिए शांति नगर चौराहे पर विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान अर्जुन भीम सिंह राठौड़, उपसरपंच ग्राम पंचायत सिंहासा, अनिल परमार, असलम पटेल, नाथू चौहान, राहुल चौधरी एवं साजिद पटेल सहित अन्य लोगों द्वारा श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई। आयोजकों एवं ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रियों का पुष्प एवं आत्मीय भाव से स्वागत करते हुए उनकी सेवा की। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता देखने को मिली। धार्मिक आस्था और भाईचारे के साथ निकली इस यात्रा ने क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना दिया।

