11 हजार सिद्ध रुद्राक्षों के निःशुल्क वितरण के साथ निकली भव्य धार्मिक शोभायात्रा.
राजेश धाकड़
इंदौर। मुसाखेड़ी क्षेत्र में सत्य सनातन धर्म की पदयात्रा एवं भव्य धार्मिक शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मुसाखेड़ी स्थित हनुमान मंदिर से निज आश्रम तक निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में धार्मिक जयघोष, भक्ति गीतों और आध्यात्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा का नेतृत्व श्री राजेश दुबे जी महाराज ने किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को 11 हजार सिद्ध रुद्राक्षों का निःशुल्क वितरण किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, रुद्राक्ष वितरण का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था से जोड़ना तथा आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
11 हजार रुद्राक्षों से निर्मित शिवलिंग रहा आकर्षण का केंद्र
धार्मिक शोभायात्रा में 11 हजार रुद्राक्षों से निर्मित शिवलिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। विशाल एवं आकर्षक रुद्राक्ष शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आयोजन की भव्यता को सराहा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।
सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश
आयोजकों ने बताया कि सत्य सनातन धर्म की पदयात्रा का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है। पदयात्रा के माध्यम से सनातन परंपराओं, भारतीय संस्कृति और धार्मिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल हुए।
इस धार्मिक आयोजन का आयोजन महादेवी दिव्य धाम सेवा समिति, मुसाखेड़ी, इंदौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पीठाधीश्वर पंडित राजेश शास्त्री जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही।
इसके अलावा परम पूज्य दादू महाराज जी, वरिष्ठ नेता रामदास गर्ग जी, रजत पंडित, रामनिवास शर्मा जी, कृष्णकांत दुबे और प्रीति बाथम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

