खनियाधाना में बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर
विधायक प्रीतम लोधी और कलेक्टर अर्पित वर्मा ने हाथों में तिरंगा थामकर की अगुवाई
अतुल जैन
खनियांधाना। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड खनियाधाना में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। झमाझम बारिश के बीच पिछोर विधायक प्रीतम लोधी एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर पैदल यात्रा की अगुवाई की। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा महाराणा प्रताप चौराहे सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इस दौरान देशभक्ति गीतों के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। रैली में शामिल लोगों में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यात्रा का समापन नगर परिषद प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समापन अवसर पर लगाए गए ‘सेल्फी प्वाइंट’ पर विधायक प्रीतम लोधी और कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी ली। उन्होंने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।
बारिश के बीच निकली इस तिरंगा यात्रा ने खनियाधाना में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।

