आकाशवाणी इंदौर द्वारा “लोकरंग उत्सव” का ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन संपन्न

  • Share on :

इंदौर। भारत के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती के अंतर्गत आकाशवाणी इंदौर द्वारा विक्रमोत्सव 2026 के अवसर पर, वीर भारत न्यास के सहयोग से आयोजित “लोकरंग उत्सव” का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन आकाशवाणी परिसर, मालवा हाउस इंदौर में मंगलवार को अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1987 के बाद यह पहला अवसर रहा जब आकाशवाणी इंदौर में इतने विशाल स्तर पर लोकसंस्कृति का विराट आयोजन देखने को मिला।

            कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम प्रमुख राजेश पाठक एवं अभियांत्रिकी प्रमुख अभय कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। मालवी परंपरा के अनुरूप अतिथियों को साफा बांधकर, शाल एवं श्रीफल भेंट कर तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण लोक संस्कृति की गरिमा से ओतप्रोत हो उठा।

            इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश सिंह कुशवाह श्रीयुत श्रीराम तिवारी विशिष्ट अतिथि नरेश शर्मा और दिनेश दिग्गज ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में लोकसंस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। श्री तिवारी ने कहा कि आकाशवाणी जैसे मंचों के माध्यम से लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिलती है और यह आयोजन उसी दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

            श्री कुशवाह ने कहा कि “लोककला हमारी पहचान है, यह हमारी जड़ों से जुड़ने का माध्यम है, और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

            “लोकरंग उत्सव” का मंच मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड एवं जनजातीय अंचलों की विविध एवं समृद्ध लोकपरंपराओं से सुसज्जित रहा। प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा और कार्यक्रम रात्रि 11 बजे तक उत्साहपूर्वक चलता रहा, जहां श्रोताओं ने न केवल आनंद लिया बल्कि कई अवसरों पर स्वयं भी लोकधुनों पर झूमते एवं नृत्य करते नजर आए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper