रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, सूझबूझ से बची 68 यात्रियों की जान
रतलाम. त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 (B1) एसी कोच में रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि ये हादसा कोटा रेल मंडल के अंतर्गत रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास लूणी रिच्छा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ है. गनीमत ये रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया. फिलहाल दिल्ली मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेन अपनी रफ्तार में रतलाम के लूणीरिच्छा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रेन के गार्ड ने ट्रेन से धुआं निकलता देखा और इसी सूचना इंजन चालक को दी.
इसके तुरंत बाद ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में ट्रैक पर रोका गया और आरपीएफ स्टाफ ने मोर्चा संभालते हुए महज 15 मिनट के अंदर सभी पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग पूरी करवाई.
अधिकारियों ने बताया कि जिस कोच में आग लगी थी, उस में 68 यात्री सवार थे. ट्रेन में मौजूद स्टाफ और आरपीएफ की सतर्कता से सभी यात्री सुरक्षित हैं. साथ ही रेलवे ने प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग (डिटैच) कर दिया.
वहीं, आग लगने की खबर मिलते ही कोटा रेल मंडल से राहत, बचाव और टेक्निकल टीमें तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हुईं. एहतियात के तौर पर ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है और सीनियर अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं. इस दुर्घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे पिछले दो घंटे से इस रूट पर रेल परिचालन बाधित है.
साभार आज तक

