किशोर दा के जन्मदिवस पर सजी सुरों की यादगार महफिल ‘किशोर के कायल – किशोरांजलि 2026’

  • Share on :

मुंबई की सुप्रसिद्ध गायिका मनीषा जंबोटकर सहित स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां, देर रात तक गूंजते रहे किशोर दा के अमर गीत
उज्जैन। महानायक, महागायक एवं स्वरसम्राट किशोर कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर किशोर दा फैन्स क्लब (KDFC), उज्जैन द्वारा 4 अगस्त को कालिदास अकादमी स्थित पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल में आयोजित संगीतमय संध्या ‘किशोर के कायल – किशोरांजलि 2026’ अत्यंत गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने उपस्थित होकर किशोर दा के सदाबहार गीतों का भरपूर आनंद लिया तथा कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर उज्जैन के विधायक श्री अनिल जैन कालूखेड़ा थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री मुकेश टटवाल (महापौर, उज्जैन), श्री महेश शीतलानी (समाजसेवी), श्री सुरेंद्र यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ), श्री तरुण उपाध्याय (राष्ट्रीय महासचिव, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज), श्री अशोक कटारिया (समाजसेवी, इंदौर) तथा श्री अजीत कुमार शरण (आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा किशोर दा के भारतीय संगीत जगत में अप्रतिम योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।

संगीत संध्या का मुख्य आकर्षण मुंबई की सुप्रसिद्ध गायिका मनीषा जंबोटकर रहीं, जिन्होंने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ किशोर दा फैन्स क्लब के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक पं. हेमन्त व्यास, सुनील कुमार बामनिया, राजेंद्र नगर , डॉ रेणु राठौर गेस्ट सिंगर (इंदौर) मध्यप्रदेश, गिरीश मकवाना तथा बाल कलाकार श्रेयन नागर ने किशोर दा के विभिन्न दौर के लोकप्रिय, सदाबहार एवं कालजयी गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर देर रात तक समां बांधे रखा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने किशोर दा फैन्स क्लब के इस सतत प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय फिल्म संगीत की समृद्ध विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने क्लब की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

"कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रभावशाली संचालन किशोर दा फैंस क्लब के संस्थापक, आधारस्तम्भ एवं संरक्षक श्री राजेंद्र नागर तथा संस्था के सचिव श्री कुलदीप सिंह क्षत्रिय ने संयुक्त रूप से किया।"

किशोर दा फैन्स क्लब के सचिव कुलदीप सिंह क्षत्रिय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं संगीत प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य किशोर कुमार के अमर संगीत को जन-जन तक पहुँचाना और उनकी स्मृतियों को सदैव जीवंत बनाए रखना है। 

क्लब के मीडिया प्रभारी शुभम शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष पं. हेमन्त व्यास, संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की और पूरे सभागार में देर रात तक किशोर दा के अमर गीतों की स्वर लहरियाँ गूंजती रही

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper