जवाहर लाल नेहरू वार्ड में 45.62 लाख की लागत से मुक्तिधाम का होगा विकास
जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता, हर वार्ड में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम का संकल्प : महापौर
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 28 स्थित मुक्ति धाम में लगभग 45 लाख 62 हजार रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण, मृत संस्कार हेतु शेड एवं आवश्यक मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्री शशिकांत तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की गरिमामयी मौजूदगी में विधि-विधान से भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मुक्तिधाम में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
भूमिपूजन के साथ ही मुक्तिधाम में बाउंड्रीवाल निर्माण, मृत संस्कार हेतु शेड तथा आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से परिसर का व्यवस्थित विकास होने के साथ यहां आने वाले नागरिकों को बेहतर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मुक्ति धाम परिसर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में यह पहल की गई।
विकास कार्यों से नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं : महापौर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि मुक्ति धाम जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का बेहतर होना भी नगर विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वार्ड क्रमांक 28 में किए जा रहे इस विकास कार्य से मुक्ति धाम परिसर अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी क्षेत्रों में सड़क, नाली, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

