सांसें थाम देने वाला मुकाबला: गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया, खोला जीत का खाता

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने एक रन से जीत दर्ज की। बुधवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गुजरात ने शुभमन गिल (70), वाशिंगटन सुंदर (55) और जोस बटलर (52) की अर्धशतकीय पारियों से 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। उनके लिए केएल राहुल ने सर्वाधिक 92 रनों की पारी खेली।
आईपीएल 2026 में खुला गुजरात की जीत का खाता
दिल्ली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच छह-छह विकेट के अंतर से जीते थे। दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी थी, जिसके बाद आखिरकार गुजरात ने जीत का खाता खोला है। यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
मिलर से हुई भारी चूक
आईपीएल के इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाली जंग देखने को मिली। मैच का फैसला सिर्फ एक रन से हुआ, लेकिन असली टर्निंग पॉइंट बना 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लिया गया एक फैसला। जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन नहीं लिया।
आखिरी ओवर का रोमांच
विपराज निगम और डेविड मिलर क्रीज पर मौजूद थे। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा को गेंद थमाई।
पहली गेंद: विपराज निगम ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर शानदार चौका जड़ा। ( अब पांच गेंदों में नौ रन)
दूसरी गेंद: अगली ही गेंद पर निगम आउट हो गए। शुभमन गिल ने शानदार कैच लपता। ( अब चार गेंदों में नौ रन) कुलदीप क्रीज पर आए।
तीसरी गेंद: कुलदीप ने सिंगल लेकर स्ट्राइक डेविड मिलर को दी। ( अब तीन गेंदों में आठ रन)
चौथी गेंद: मिलर छक्का लगाकर मैच पूरी तरह पलट दिया। (अब दो गेंदों में दो रन)
पांचवीं गेंद: मिलर ने सिंगल लेने से मना किया, जबकि रन आसानी से मिल सकता था। यही टर्निंग पॉइंट बना। ( अब एक गेंद में दो रन)
छठी और आखिरी गेंद: मिलर शॉट खेलते ही रन के लिए दौड़ पड़े, तभी विकेट के पीछे खड़े जोस बटलर ने फुर्ती दिखाते हुए डायरेक्ट हिट किया और कुलदीप रनआउट हो गए।
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पथुम निसांका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। निसांका 24 गेंदों में एक छक्के और छह चौकों के साथ 41 रन बनाकर आउट हुए। 10वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर राशिद खान ने नीतीश राणा (5) और समीर रिजवी (0) को आउट करते हुए दिल्ली को परेशानी में डाल दिया। यहां से केएल राहुल ने मोर्चा संभालते हुए डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जुटाए।
मिलर ने दिल्ली के खाते में 12 रन का योगदान दिया और वह रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए। जिसके बाद राहुल ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन जोड़े। राहुल 52 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 92 रन बनाकर आउट हुए, जबकि स्टब्स ने सात रन बनाए। केएल के बाद टीम को मैदान पर लौटे डेविड मिलर का सहारा था और वह उम्मीदों पर खरे उतरे और खेल को आखिरी तक ले गए, लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर नका सिंगल न लेने का फैसला उल्टा पड़ गया। मिलर इस मैच में 41 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात की तरफ से राशिद खान ने तीन विकेट निकाले, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट हासिल किए। एक विकेट मोहम्मद सिराज ने अपने नाम किया।
इससे पहले कप्तान शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों की मदद से गुजरात टाइटंस (जीटी) ने जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य रखा। इस टीम को महज 2.1 ओवर में साई सुदर्शन (12) के रूप में पहला झटका लगा। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 19 रन जुड़े थे।
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की। बटलर 27 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए। यहां से कप्तान गिल ने वाशिंगटन सुंदर के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने 60 गेंदों में 104 रन की साझेदारी की। कप्तान गिल 45 गेंदों में पांच छक्कों और चार चौकों के साथ 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में दो छक्कों और छह चौकों के साथ 55 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper