कूटनीति की नई उड़ान: UAE से यूरोप तक पीएम मोदी का मेगा दौरा

  • Share on :

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक UAE, नीदरलैंड , स्वीडन , नॉर्वे और इटली का दौरा करेंगे। MEA ने बताया कि पीएम मोदी 15 मई को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे, जहां वे UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे।
दोनों नेताओं को द्विपक्षीय मुद्दों विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा। वे मजबूत राजनीतिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और लोगों से लोगों के बीच के संबंधों पर आधारित द्विपक्षीय 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने का काम करेगी।
पिछले 25 सालों में UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार और निवेश का सातवां सबसे बड़ा स्रोत रहा है। चूंकि UAE में 4.5 मिलियन से अधिक भारतीयों का एक विशाल समुदाय रहता है, इसलिए यह यात्रा उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का भी एक अवसर होगी।
विदेश मंत्रालय ने आगे बताया कि अपनी यात्रा के दूसरे चरण के लिए पीएम मोदी नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के निमंत्रण पर 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यात्रा के तीसरे चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर 17-18 मई को स्वीडन के गोथेनबर्ग की यात्रा करेंगे। यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 18-19 मई को तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन और द्विपक्षीय वार्ताओं के लिए नॉर्वे की आधिकारिक यात्रा करेंगे।
2017 में अपनी पिछली यात्रा के बाद, नीदरलैंड की यह प्रधानमंत्री की दूसरी यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे, और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा रक्षा, सुरक्षा, नवाचार, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और जल पर रणनीतिक साझेदारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च-स्तरीय जुड़ाव और घनिष्ठ सहयोग की गति को और आगे बढ़ाएगी। नई सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में प्रधानमंत्री की यह यात्रा, हमारी बहुआयामी साझेदारी को और अधिक गहरा तथा विस्तृत करने का अवसर प्रदान करेगी।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper