अमेरिका के मिसिसिपी में समुद्र में गिरा छोटा विमान, दो बच्चों समेत सभी 6 लोगों की मौत

  • Share on :

नई दिल्ली. अमेरिका के मिसिसिपी में हॉर्न आइलैंड के पास एक छोटा विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में विमान में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने इसकी पुष्टि की. एजेंसी के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान गोताखोरों ने विमान के ढांचे के अंदर सभी छह लोगों के शव बरामद किए. इसके बाद सर्च ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया.
हादसे के वक्त विमान में चार अडल्ट्स और 8 से 10 साल की उम्र के दो बच्चे सवार थे. यह सेसना सेंटूरियन 210 विमान था, जो मंगलवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. अमेरिकी कोस्ट गार्ड को दोपहर करीब 3:45 बजे विमान से संपर्क टूटने की सूचना मिली थी. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) का विमान से संपर्क टूट गया था, जिसके बाद कोस्ट गार्ड को अलर्ट किया गया.
अमेरिकी कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसे के बाद तलाशी अभियान में जुटी टीमों को घटनास्थल से तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन मिला था. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज (MDMR) के गोताखोरों ने विमान के ढांचे के अंदर सभी छह लोगों के शव खोज निकाले. एजेंसी ने बताया कि सभी लोगों के शव मिलने के बाद तलाशी अभियान पूरा कर लिया गया.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper