इंदौर में 25 मई को कलेक्ट्रेट में वृद्धजनों के लिए विशेष शिविर आयोजित होगा

  • Share on :

भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का होगा समाधान
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने शिविर स्थल का अवलोकन किया
इन्दौर। वृद्धजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 25 मई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर जनसुनवाई के दौरान वृद्धजनों से लगातार प्राप्त हो रही समस्याओं के मद्देनजर आयोजित किया जा रहा है। शिविर सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।

      कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय में शिविर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शिविर स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

      कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि शिविर का आयोजन प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणाममूलक हो तथा अधिक से अधिक वृद्धजन इसका लाभ प्राप्त कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी एसडीएम अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

      बताया गया कि जनसुनवाई में बड़ी संख्या में वृद्धजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, जिनमें पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण संबंधी प्रकरण, सामाजिक उपेक्षा, पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आती हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए विशेष फोकस के साथ यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

      शिविर में भरण-पोषण अधिनियम के तहत आने वाले मामलों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही यदि किसी वृद्धजन का पारिवारिक विवाद मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाया जा सकता है, तो उसके लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि संबंधित परिवारजनों और बच्चों को भी बुलाया जाए, ताकि माता-पिता के सम्मान और सामाजिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके।

      विशेष शिविर में वृद्धजनों की पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के साथ स्वास्थ्य परीक्षण हेतु हेल्थ कैंप भी लगाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि वृद्धजनों को एक ही छत के नीचे विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper