माई नदी घाट पर चला विशेष सफाई अभियान, जल संरक्षण के साथ-साथ दिया गया स्वच्छता का संदेश

  • Share on :

जल संरचनाओं को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी।  स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियां सतत संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 14, राजीव गांधी वार्ड स्थित माई घाट पर विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया, जिसमें जल स्त्रोतों की स्वच्छता के साथ-साथ नागरिकों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
निगम प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। अभियान के तहत जनसहयोग के माध्यम से श्रमदान किया जाकर घाट के जल में तैर रहे प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर तसले के माध्यम से वाहन तक पहुंचाकर सुरक्षित निपटान हेतु भेजा गया। इस दौरान उपस्थित जनों द्वारा घाट परिसर में फैली गंदगी की व्यापक सफाई की गई।
स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुरूप नगर निगम द्वारा जल स्रोतों की सफाई, कचरा प्रबंधन एवं जन जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से नागरिकों को जल स्रोतों के संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा नदी-तालाबों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर तिलक महाविद्यालय के प्राध्यापकों, छात्र-छात्राएं एवं निगम की सहयोगी संस्था ओम साईं विजन की टीम की सक्रिय सहभागिता रही।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित कर स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ जल संरक्षण की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper