दोस्ती का प्रतीक 'पनडुब्बी की घंटी': किंग चार्ल्स ने राष्ट्रपति ट्रंप को भेंट किया ऐतिहासिक तोहफा
वॉशिंगटन। अमेरिका दौरे पर पहुंचे किंग चार्ल्स III और रानी कैमिला का व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने उनके सम्मान में शानदार स्टेट डिनर का आयोजन किया। यह शाही दौरा अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है, जिसे दोनों देशों के ऐतिहासिक और मजबूत संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
डिनर के दौरान किंग चार्ल्स तृतीय ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को द्वितीय विश्व युद्ध में इस्तेमाल हुई ब्रिटिश पनडुब्बी एचएमएस ट्रंप की मूल घंटी भेंट की। इस खास तोहफे को दोनों देशों के साझा इतिहास और गहरी दोस्ती का प्रतीक माना जा रहा है। यह उपहार 1976 की उस ऐतिहासिक घटना की भी याद दिलाता है, जब महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अमेरिका को 'लिबर्टी बेल' भेंट की थी। कार्यक्रम के दौरान किंग चार्ल्स ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा अगर कभी हमसे संपर्क करना हो, तो बस घंटी बजा दीजिए।
स्टेट डिनर से पहले किंग चार्ल्स ने राष्ट्रपति ट्रंप से ओवल ऑफिस में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस दौरे को ऐतिहासिक और व्यक्तिगत बताया। उन्होंने अपने स्कॉटिश मूल का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर यह यात्रा बेहद खास है।
साभार अमर उजाला

