राजकोट से मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के लिए काल बना ट्रक; लकतर-विरामगाम हाईवे पर तड़के 6 तीर्थयात्रियों समेत 7 की मौत
अहमदाबाद। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह सड़क हादसा तब हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के किनारे सात लोगों को रौंद दिया। इस सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से सातों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक अन्य शख्स ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे तीर्थयात्रियों के एक समूह को रौंद दिया। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है।
यह दुखद घटना लकतर-विरामगाम राजमार्ग पर तड़के करीब 1:30 बजे हुई। पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि तीर्थयात्रियों का एक समूह राजकोट से बहुचराजी की ओर एक मंदिर में प्रार्थना करने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान लकतर तालुका के भास्करपाड़ा गांव के बाहरी इलाके में एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में छह तीर्थयात्रियों और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं। घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीर्थयात्री शांतिपूर्वक अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। ट्रक चालक घटना के बाद तुरंत मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
साभार अमर उजाला

