20वीं ऐतिहासिक बोल बम कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
राजेश धाकड़
इंदौर। श्रावण मास के पावन अवसर पर तलावली चांदा से उज्जैन महाकाल के लिए श्री कावड़ेश्वर सामाजिक सेवा समिति एवं रितेश पाल मित्र मंडल के तत्वावधान में 20वीं ऐतिहासिक बोल बम कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सांवेर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के बाद किया।
हजारों शिवभक्त कंधों पर कांवड़ लेकर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उज्जैन के लिए रवाना हुए। यात्रा में भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी, धार्मिक झांकियां, ढोल-नगाड़े और ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया।
यात्रा मार्ग पर सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर, पेयजल, जलपान एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई। आयोजकों के अनुसार समिति द्वारा लगातार 20 वर्षों से कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 11 अगस्त को उज्जैन पहुंचकर हजारों कांवड़ियों द्वारा बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।
यात्रा में महामंडलेश्वर नरसिंहदास महाराज, दादू महाराज सहित संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक शामिल हुए।

