विष्णु मंदिर के पास छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शहर के विष्णु मंदिर के पास युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में थाना फिजिकल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक दो युवतियों के साथ मारपीट करते और उनके बाल पकड़कर खींचते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्कूटी का पीछा कर किए अश्लील कमेंट, विरोध पर मारपीट
जांच में सामने आया कि पीड़ित युवती सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से अपने भाई के दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर पुरानी शिवपुरी जा रही थी। इसी दौरान ओरा कार में सवार युवकों ने उसकी स्कूटी का पीछा किया। आरोप है कि विष्णु मंदिर के पास कार में बैठे युवकों ने युवती पर अश्लील टिप्पणियां कीं और इशारे किए।

युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पास की एक दुकान पर काम करने वाली युवती ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

चार आरोपियों पर मामला दर्ज
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना फिजिकल पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 79, 115(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेन्द्र उर्फ जन्डेल सिंह गुर्जर (30 वर्ष), निवासी पुराना अमोला, मामौनी रोड, थाना अमोला, जिला शिवपुरी, हाल निवासी नई फ्रूट मंडी के सामने, खेत सिंह खंगार कॉलोनी, थाना देहात, शिवपुरी के रूप में की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी फिजिकल निरीक्षक अविनाश राठौड़ के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। शेष तीन फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper