कोटी गांव श्मशान घाट की भूमि कब्जा मुक्त कराने आप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। ग्वालियर के वार्ड क्रमांक 59 स्थित कोटी गांव श्मशान घाट की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के विरोध में आम आदमी पार्टी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं द्वारा सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर ने कहा कि श्मशान घाट क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है, जहां अंतिम संस्कार सहित सामाजिक कार्य संपन्न होते हैं। पार्टी ने मांग की कि भूमि की जांच कर अवैध कब्जा हटाया जाए, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो तथा भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए भूमि को सुरक्षित घोषित किया जाए। साथ ही लंबे समय से लंबित श्मशान घाट निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई गई। जिला अध्यक्ष त्रिलोचन सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

