एबी रोड हुआ बीआरटीएस से मुक्त, आयुक्त ने किया निरीक्षण
आदित्य शर्मा
इंदौर। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा एबी रोड पर बीआरटीएस हटाने के कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री अभय राजनगवंकर, सहायक यंत्री श्री शैलेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा 11.5 किमी लंबे बीआरटीएस कॉरिडोर में स्थित 17 बस स्टॉप और दोनों ओर की रेलिंग हटाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। हालांकि चिड़ियाघर के पास 50 मीटर रेलिंग सुरक्षा कारणों से यथावत रखी गई है, वहीं दो बस स्टॉप का मलबा एलिवेटेड कॉरिडोर क्षेत्र में होने के कारण हटाया जाना शेष है। हटाए गए स्थानों पर समानांतर रूप से डामर पेचवर्क भी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कुछ स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग मजबूत करने और गहन सफाई के निर्देश दिए। साथ ही विजय नगर से एलआईजी तक स्टॉर्म वाटर लाइन का निरीक्षण करते हुए सभी चेंबरों की डीप सफाई, इनलेट चेंबर निर्माण तथा अवरोध वाले स्थानों पर क्रॉस कनेक्शन करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्षा ऋतु से पहले स्टॉर्म वाटर लाइन और पाइपलाइन की पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि एबी रोड पर जल जमाव की स्थिति न बने और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

